बाल विवाह मुक्त बिहार के संकल्प के साथ ‘प्रयास जैक सोसाइटी’ का भव्य जागरूकता अभियान, 200 गांवों की 5 हजार महिलाओं ने ली शपथ
बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से प्रयास जैक सोसाइटी (Prayas JAC Society), पटना द्वारा जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। संस्था ने वर्ष 2030 तक बिहार को पूरी तरह से 'बाल विवाह मुक्त' बनाने का संकल्प लिया है, जिसके तहत पिछले चार वर्षों से जमीनी स्तर पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत पटना जिले के 9 प्रखंडों—दनियावां, खुसरूपुर, धनरुआ, बिहटा, विक्रम, संपतचक, दानापुर, फुलवारीशरीफ और नौबतपुर के लगभग 200 गांवों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में कैंडल मार्च और शपथ ग्रहण के माध्यम से करीब 5,000 महिलाओं, किशोरियों और ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया और इसे रोकने की सामूहिक जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन
अभियान की सफलता और जन-जागरूकता को गति देने के लिए एक जिला स्तरीय कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में एडीसीपी शैलेंद्र कुमार चौधरी उपस्थित रहे। उनके साथ जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) के सीपीओ लवलेश कुमार, बाल कल्याण समिति (CWC) की अध्यक्ष उषा कुमारी, एएचटीयू (AHTU) की सब-इंस्पेक्टर भवानी कुमारी और महिला एवं बाल विकास निगम (WCDC) की जिला समन्वयक निशा कुमारी ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर अपने विचार रखे और बाल विवाह की रोकथाम के लिए प्रशासनिक एवं सामाजिक सहयोग पर बल दिया।
समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी
कार्यक्रम के दौरान संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि बाल विवाह का उन्मूलन केवल कानून और प्रशासन के भरोसे संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। संस्था का मुख्य लक्ष्य हर बच्ची को सुरक्षित बचपन, बेहतर शिक्षा और अपने भविष्य का निर्णय स्वयं लेने का अधिकार दिलाना है।
इस पूरे अभियान और जिला स्तरीय कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रयास टीम के जिला समन्वयक सुधा कुमारी अम्बरीन फातिमा,मनीष कुमार,सुरज कुमार,नागेंद्र नाथ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0 Response to "बाल विवाह मुक्त बिहार के संकल्प के साथ ‘प्रयास जैक सोसाइटी’ का भव्य जागरूकता अभियान, 200 गांवों की 5 हजार महिलाओं ने ली शपथ"
एक टिप्पणी भेजें