संरक्षण क्षमता महोत्सव में सक्षम 26 का बिहार में शुभारंभ
संरक्षण क्षमता महोत्सव में सक्षम 26 का बिहार में शुभारंभ
पटना : तेल एवं गैस संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने हेतु राष्ट्रव्यापी अभियान संरक्षण क्षमता महोत्सव 2026 (सक्षम 26) का आज पटना में शुभारंभ किया गया। यह पखवाड़ा अभियान 02 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक देशभर में आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में भारतीय तेल निगम, भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम एवं गेल सहित समस्त तेल एवं गैस सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।
सक्षम 26 की थीम" तेल और गैस बचाओ, हरित ऊर्जा अपनाओ" है, जो पेट्रोलियम संसाधनों के संरक्षण तथा स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाने की आवश्यकता को रेखांकित करती है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथिडॉ. प्रमोद कुमार, माननीय सहकारिता सह पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री, बिहार सरकार रहे। इस अवसर पर तेल उद्योग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न पीएसयू के प्रतिनिधि, मीडिया, विद्यालयों के विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
तेल उद्योग के अधिकारियों ने अपने संबोधन में बताया कि भारत आज विश्व के शीर्ष पांच रिफाइनिंग देशों में शामिल है तथा परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों का सातवां सबसे बड़ा निर्यातक है। इसके बावजूद देश की कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता अधिक है, जिससे ईंधन संरक्षण और ऊर्जा दक्षता अत्यंत आवश्यक हो जाती है। वहीं उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा अपनाए गए छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से बड़े स्तर पर इंधन बचत और कार्बन उत्सर्जन में कमी ला सकते हैं।
माननीय मंत्री ने अपने संबोधन में ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में जनभागीदारी के महत्व पर बल दिया। उन्होंने सक्षम जैसे अभियानों को समाज में जागरुकता फैलाने का सशक्त माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों एवं युवाओं से ऊर्जा संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। सक्षम 26 के अंतर्गत बिहार सहित पूरे देश में कई गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी,
इन गतिविधियों का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों में ऊर्जा संरक्षण की संस्कृति को विकसित करना तथा व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाना है आज ऊर्जा संरक्षण कर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण और सशक्त राष्ट्र सुनिश्चित कर सकते हैं।
0 Response to "संरक्षण क्षमता महोत्सव में सक्षम 26 का बिहार में शुभारंभ"
एक टिप्पणी भेजें